जिला न्यायालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राजसमंद। जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर, राजसमंद में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायिक कर्मचारियों ने सहभागिता की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती अल्का शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस की गरिमा एवं महत्व को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें संविधान में निहित न्याय, समानता एवं स्वतंत्रता के मूल्यों को आत्मसात कर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
समारोह के बाद न्यायालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से न्यायालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के साथ आमजन को भी पर्यावरण संरक्षण और अधिकाधिक पौधारोपण का संदेश दिया गया।