हमेरपाल तालाब पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान
स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत बुधवार को पंचायत समिति कुंभलगढ़ स्थित प्रमुख पर्यटन स्थल हमेरपाल तालाब पर स्वैच्छिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा सहित जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं और आमजन ने भाग लेकर साफ-सफाई की।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने स्वयं श्रमदान करते हुए आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है।
श्रमदान के दौरान हमेरपाल तालाब एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की गई। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छ एवं सुंदर पर्यटन स्थलों के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विकास अधिकारी मांगीलाल, जिला स्वच्छता समन्वयक नानालाल सालवी सहित जनप्रतिनिधि, युवा, स्वैच्छिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
अभियान के माध्यम से लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।