अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वयोवृद्ध मतदाताओं का सम्मान
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन विभाग की ओर से जिला कलेक्ट्रेट परिसर में वयोवृद्ध मतदाताओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र को मजबूत बनाने में वरिष्ठ मतदाताओं की दीर्घकालीन सहभागिता और योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार हसीजा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजकुमार कस्वा एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ओम प्रभा ने वयोवृद्ध मतदाताओं का सम्मान किया।
अधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ मतदाता लोकतंत्र की समृद्ध परंपरा, अनुभव और जागरूक नागरिक सहभागिता के महत्वपूर्ण संवाहक हैं। मतदान के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर जिला स्वीप कॉर्डिनेटर हरिओम सिंह चुंडावत, रामप्रकाश शर्मा, ललित रावत, ललिता गुर्जर, ईश्वर सिंह, नरेंद्र कुमार, हिम्मत लाल, दिलीप सिंह सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के महत्व को समझने और अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग कर लोकतंत्र को और सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।