अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विविध कार्यक्रम, वृद्धजनों का किया सम्मान

Admin 02 October 2026, 13:02 10 बार पढ़ा राजसमंद
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर राजसमंद जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में चिकित्सा शिविर लगाकर वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच की गई, वहीं सुखधाम आश्रम और वृद्धाश्रम मोही में वृद्धजनों को शॉल एवं उपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विविध कार्यक्रम, वृद्धजनों का किया सम्मान

राजसमंद, अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान वृद्धजनों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य परीक्षण और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती अल्का शर्मा के नेतृत्व में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आर.के. जिला चिकित्सालय, राजसमंद के चिकित्सकों ने वृद्धजनों की शुगर, बीपी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में भगवान्दा खुर्द स्थित रिद्धि सिद्धि सेवा संस्था द्वारा संचालित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह सुखधाम आश्रम तथा वृद्धाश्रम मोही में सम्मान समारोह आयोजित किए गए। यहां आवासरत वृद्धजनों को उपरना एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वृद्धाश्रम मोही में चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जिसमें वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं एडीजे श्री भारत भूषण पाठक ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का उद्देश्य बुजुर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उनके कल्याण, ज्ञान, अनुभव और समाज में योगदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि वृद्धजन जीवन के अनुभवों की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभवों और ज्ञान से सीख लेकर अनेक समस्याओं का सहज समाधान पाया जा सकता है। वृद्धजन परिवार और समाज की उन्नति में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से निरंतर योगदान देते हैं।

श्री पाठक ने आमजन से वृद्धजनों के प्रति सदैव आदर और संवेदनशीलता का भाव रखने तथा उनके अनुभवों और ज्ञान से सीख लेने का आह्वान किया।

संबंधित समाचार