राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करें: जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने चिकित्सा अधिकारियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा कर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित स्टेट फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। शहरी क्षेत्र में कम स्क्रीनिंग और फॉलोअप मिलने पर चिकित्सा अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
कलक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत किए गए कार्यों की जानकारी समय पर संबंधित पोर्टल पर दर्ज की जाए। लाडो प्रोत्साहन योजना के लंबित मामलों का प्रतिदिन निस्तारण करने तथा आयुष्मान भारत योजना के शेष 15 प्रतिशत लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत सूचीबद्ध चिकित्सा संस्थानों को पात्र मरीजों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी।