दीपावली पर राजसमंद पुलिस अलर्ट, जिलेभर में 778 पुलिसकर्मी और होमगार्ड तैनात; SP हेमंत कलाल ने की शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील
दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव को लेकर राजसमंद पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। नाथद्वारा के श्रीनाथजी मंदिर, कांकरोली के श्री द्वारकाधीशजी मंदिर सहित जिलेभर में 778 पुलिस अधिकारी, जवान एवं होमगार्ड तैनात किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने जिलेवासियों को त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं पर्यावरण अनुकूल त्योहार मनाने की अपील की है।

राजसमंद। दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव को लेकर राजसमंद पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने जिलेवासियों एवं गणमान्य नागरिकों को त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं पर्यावरण अनुकूल त्योहार मनाने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक ने कामना की कि प्रकाश का यह पावन पर्व प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आए तथा भगवान श्रीनाथजी एवं श्री द्वारकाधीशजी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। उन्होंने नागरिकों से आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने तथा एक-दूसरे की आस्था एवं भावनाओं का सम्मान करने की अपील की।
जिलेभर में 778 पुलिसकर्मी और होमगार्ड तैनात
दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नाथद्वारा एवं कांकरोली सहित पूरे जिले में कुल 778 पुलिस अधिकारी, जवान एवं होमगार्ड नियोजित किए गए हैं।
नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर, कांकरोली स्थित श्री द्वारकाधीशजी मंदिर सहित जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था की गई है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ गश्त और निगरानी भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने की अपील
पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्गों का उपयोग करने, कतारबद्ध होकर दर्शन करने तथा मंदिर प्रबंधन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रवेश द्वारों, सीढ़ियों एवं संकरे रास्तों पर अनावश्यक रूप से रुकने और धक्का-मुक्की से बचने को कहा गया है।
बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के सुरक्षित आवागमन में सहयोग करने तथा व्यापारियों, आयोजकों एवं स्वयंसेवकों से प्रवेश और निकास मार्ग खुले रखने की अपील की गई है।
बच्चों की सुरक्षा और आतिशबाजी में सावधानी जरूरी
राजसमंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उनका हाथ नहीं छोड़ें। छोटे बच्चों की जेब में अभिभावक का नाम एवं मोबाइल नंबर लिखी पर्ची रखने की सलाह दी गई है।
पटाखों, जलते दीयों एवं विद्युत सजावट के पास बच्चों को अकेला नहीं छोड़ने तथा आतिशबाजी के दौरान जिम्मेदार वयस्क की निगरानी रखने को कहा गया है।
पुलिस ने संकरे रास्तों, वाहनों, विद्युत लाइनों एवं ज्वलनशील सामग्री के पास आतिशबाजी नहीं करने तथा बिना जले पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास नहीं करने की अपील की है।
यातायात नियमों का पालन करें, अफवाहों से बचें
पुलिस ने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने तथा मंदिर मार्गों, बाजारों एवं आपातकालीन रास्तों को अवरुद्ध नहीं करने की अपील की है। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, नियंत्रित गति रखने और नशे में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी गई है।
इसके साथ ही नागरिकों से अफवाहों एवं अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर किसी संदेश, फोटो या वीडियो को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की गई है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
राजसमंद पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को निम्न नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है।
- पुलिस आपातकालीन सेवा: 112
- पुलिस कंट्रोल रूम: 02952-220712
- जिला पुलिस व्हाट्सएप: 8764854100
राजसमंद पुलिस ने जिलेवासियों से त्योहारों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।
संबंधित खबरें
राजसमंदपनोतिया सोलर प्लांट डकैती मामला: पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार, अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार
राजसमंदराजसमंद में सड़क हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी, ब्लैक स्पॉट सुधारने और ओवरस्पीडिंग पर सख्ती के निर्देश
राजसमंद9 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, भीम पुलिस ने जयपुर निवासी आरोपी को दबोचा
राजसमंद