न्यायाधीश ने किया राजसमंद जिला कारागृह का निरीक्षण, 106 बंदियों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
राजसमंद, 17 अगस्त 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती अल्का शर्मा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री भारत भूषण पाठक ने सोमवार को राजसमंद जिला कारागृह का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री पाठक ने कारागृह में भोजन, साफ-सफाई, आवास, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कारागृह में कुल 106 बंदी निरुद्ध पाए गए।
नवीन प्रवेशित बंदियों से संवाद कर उनके प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली गई। सभी नवीन प्रवेशित बंदियों ने अपने प्रकरण में पैरवी के लिए अधिवक्ता नियुक्त होना बताया। निरीक्षण के दौरान कोई भी बंदी 18 वर्ष से कम आयु का नहीं पाया गया।
बंदियों के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी लेने पर चिकित्सक द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने की बात सामने आई। साथ ही सजायाफ्ता बंदियों की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई।
कारागृह में बंदियों के मनोरंजन के लिए बैरकों में टेलीविजन की व्यवस्था पाई गई। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए CCTV कैमरे भी क्रियाशील मिले।
बंदियों से बातचीत के दौरान उन्होंने किसी प्रकार की समस्या नहीं होने की बात कही तथा कारागृह में उपलब्ध भोजन व्यवस्था के प्रति संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान जेल उपाधीक्षक एवं जेल कारापाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।