अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर भीम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए चिकित्सा जांच शिविर
भीम। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजसमंद के निर्देशानुसार राजकीय उप जिला चिकित्सालय भीम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क चिकित्सा जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती अल्का शर्मा तथा सचिव श्री भारत भूषण पाठक के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति भीम की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती मनी वालिया के मार्गदर्शन में शिविर का आयोजन किया गया।
श्रीमती मनी वालिया ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए चिकित्सा जांच शिविरों के साथ विधिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों तथा नालसा, रालसा एवं केंद्र व राज्य सरकार की वृद्धजन कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
1 अक्टूबर 2026 को आयोजित चिकित्सा शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क चिकित्सकीय जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया गया।
शिविर के सफल आयोजन के लिए राजकीय उप जिला चिकित्सालय भीम के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश चन्द्र मीणा द्वारा चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार यादव, नर्सिंग अधिकारी श्री श्रवण सिंह एवं श्री सुनील डामोर की ड्यूटी लगाई गई। चिकित्सा टीम ने शिविर में पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों की जांच कर उचित परामर्श प्रदान किया।