80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया
राजसमन्द। दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की राजसमन्द शाखा द्वारा शाखा परिसर में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रध्वज फहराकर, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।
शाखा अध्यक्ष सीए मयंक ऐन राठी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस हमारे देश के गौरव, त्याग, एकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की प्रगति, सामाजिक समरसता, ईमानदारी एवं सुशासन में अपना योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयकर अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह जी का शाखा की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शाखा समिति के कोषाध्यक्ष सीए दिनेश चंद्र सनाढ्य ने किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं धार्मिक स्वतंत्रता जैसे मौलिक अधिकार प्रदान करता है। संविधान की मूल भावना यही है कि कानून सभी के लिए समान, निष्पक्ष एवं न्यायपूर्ण हो। जहाँ कहीं असमानता या विसंगति दिखाई दे, वहाँ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप सुधार का मार्ग अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश के वीर जवानों के त्याग और बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर सीए दुर्गा शंकर मेहता, सीए प्रिंस श्रीमाली, सीए कोमल चांडक, सीए धर्मेंद्र व्यास सहित बड़ी संख्या में सीए सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य एवं समृद्धि की शुभकामनाओं के साथ हुआ।