साइबर ठगी के खिलाफ डिजिटल कवच बनेगी ‘डिजिटल प्रहरी’ पत्रिका, जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने किया विमोचन
राजसमंद में साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से राजसमंद पुलिस एवं कॅरियर संस्थान की संयुक्त पहल ‘डिजिटल प्रहरी’ ई-पत्रिका के पंचम अंक का विमोचन जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा एवं पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने किया। पत्रिका में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, व्हाट्सएप सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई है।
साइबर ठगी के खिलाफ डिजिटल कवच बनेगी ‘डिजिटल प्रहरी’ पत्रिका, जिला कलक्टर ने किया विमोचन
राजसमंद। आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से राजसमंद पुलिस एवं कॅरियर संस्थान की संयुक्त पहल ‘डिजिटल प्रहरी’ ई-पत्रिका के पंचम अंक का विमोचन किया गया। शुक्रवार को जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा एवं जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने पत्रिका का विमोचन किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता की दिशा में इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे डिजिटल सुरक्षा के प्रति जनचेतना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
राजस्थान में अनूठी पहल बनी ‘डिजिटल प्रहरी’
‘डिजिटल प्रहरी’ राजस्थान में अपनी तरह की एक अनूठी ऑनलाइन पहल है। इसके माध्यम से पुलिस विभाग नियमित डिजिटल पत्रिका के जरिए आमजन तक साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचा रहा है। अब तक पत्रिका के पांच अंक प्रकाशित हो चुके हैं। यह पहल राजसमंद सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को साइबर ठगी के बदलते तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक कर रही है।
डिजिटल सुविधाओं के साथ सतर्कता भी जरूरी : जिला कलक्टर
जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में तकनीकी सुविधाओं के विस्तार के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बेहद जरूरी है। ऑनलाइन सेवाओं एवं डिजिटल लेनदेन के बढ़ते उपयोग के बीच नागरिकों को साइबर अपराधों के नए तरीकों और उनसे बचाव की जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ‘डिजिटल प्रहरी’ विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से सुरक्षित और जागरूक डिजिटल समाज का निर्माण संभव है।
डिजिटल अरेस्ट और फर्जी लिंक से रहें सावधान : एसपी
जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से आमजन को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराना, फर्जी APK फाइल, संदिग्ध लिंक और असुरक्षित वाई-फाई नेटवर्क के माध्यम से धोखाधड़ी जैसी घटनाओं से बचने के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल साइबर अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों को पहले से जागरूक एवं सक्षम बनाना भी है, ताकि वे साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकें।
पंचम अंक में साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां
‘डिजिटल प्रहरी’ के पंचम अंक में राजस्थान पुलिस की नवीनतम साइबर सुरक्षा एडवाइजरी को सरल हिंदी भाषा में प्रस्तुत किया गया है। इसमें डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव, व्हाट्सएप एवं वाई-फाई सुरक्षा, मोबाइल साइबर हाइजीन के 15 महत्वपूर्ण नियम, फर्जी शादी के निमंत्रण पत्रों और पार्सल संबंधी संदिग्ध लिंक की पहचान जैसे विषय शामिल हैं।
इसके अलावा बच्चों एवं युवाओं में साइबर सुरक्षा के प्रति रुचि विकसित करने के लिए रोचक क्विज, सचित्र कॉमिक्स, स्थानीय लोकभाषा में संवाद और प्रबुद्धजनों के समीक्षात्मक विचारों को भी स्थान दिया गया है।
इस अवसर पर कॅरियर संस्थान की अध्यक्ष भावना पालीवाल एवं साइबर थाना प्रोग्रामर खैरुल वसीम ने पत्रिका के प्रकाशन और साइबर जागरूकता गतिविधियों में जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।
संबंधित खबरें
राजसमंदविश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मृति दिवस पर राजसमंद पुलिस ने जिलेभर में किए जागरूकता कार्यक्रम, मृतकों को दी श्रद्धांजलि
राजसमंदविश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मृति दिवस पर राजसमंद पुलिस ने जिलेभर में किए जागरूकता कार्यक्रम, मृतकों को दी श्रद्धांजलि
राजसमंदनाथद्वारा पुलिस की कार्रवाई: विशेष अभियान में 3 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, 4 वारंटों का किया निस्तारण
राजसमंद