राजसमंद में सड़क हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी, ब्लैक स्पॉट सुधारने और ओवरस्पीडिंग पर सख्ती के निर्देश
राजसमंद में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा एवं एसपी हेमंत कलाल की मौजूदगी में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में ब्लैक स्पॉट सुधारने, दुर्घटना संभावित मार्गों पर सुरक्षा उपाय करने, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई तथा एम्बुलेंस का रिस्पॉन्स टाइम कम करने के निर्देश दिए गए। स्कूल-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

राजसमंद में सड़क हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी, ब्लैक स्पॉट सुधारने और ओवरस्पीडिंग पर सख्ती के निर्देश
राजसमंद। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बरतने की तैयारी की है। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट सुधार, यातायात नियमों की पालना, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं और सड़क सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक का संचालन सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता आर.एल. मेहता ने किया।
जिला कलक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार प्राथमिकता से पूरा करने तथा ई-डीएआर (e-DAR) पोर्टल पर लंबित निरीक्षण एवं सुधार संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
ब्लैक स्पॉट सुधारने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
जिला कलक्टर ने जिले में चिह्नित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित मार्गों की समीक्षा करते हुए चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, सड़क चिह्नांकन सहित अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सड़क सुरक्षा ऑडिट के आधार पर सुधार कार्य कराने और ई-डीएआर पोर्टल से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दुर्घटना रोकथाम की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों की पालना में एक्सप्रेस-वे एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनधिकृत पार्किंग, अवैध ढाबों और अतिक्रमण के विरुद्ध संयुक्त विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनने वाले अवरोधों को चिह्नित कर नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए।
ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी हेमंत कलाल ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिस कार्रवाई एवं नियमित निगरानी पर जोर दिया। बैठक में तेज गति से वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन संचालन, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई पर चर्चा हुई।
जिला कलक्टर ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप रिफ्लेक्टर टेप और स्पीड गवर्नर नहीं लगाने वाले वाहनों, अनधिकृत रूप से मॉडिफाइड स्लीपर कोच बसों, बिना वैध लाइसेंस और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की नियमित जांच करने को कहा।
इसके साथ ही वाहन चालकों के नेत्र एवं मेडिकल परीक्षण के लिए नियमित शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
दुर्घटना पीड़ितों को समय पर मिले इलाज, एम्बुलेंस का रिस्पॉन्स टाइम घटाएं
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सहायता एवं एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने दुर्घटना संभावित स्थलों के नजदीक एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और दुर्घटना स्थल से अस्पताल पहुंचने में लगने वाले समय को न्यूनतम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ट्रॉमा सेंटरों में आवश्यक चिकित्सा उपकरण, प्रशिक्षित कार्मिक एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। एम्बुलेंस में प्रशिक्षित स्टाफ, जरूरी दवाइयों और जीवनरक्षक उपकरणों की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन के लिए संचालित राहवीर योजना तथा घायलों के कैशलेस उपचार के लिए पीएम राहत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
स्कूल-कॉलेजों में चलेंगे सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान
जिला कलक्टर ने सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और पंचायत स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, परिवहन, शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग को संयुक्त कार्ययोजना तैयार कर विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देने को कहा।
बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सड़क संकेतकों, हाईटेंशन विद्युत लाइनों की निर्धारित ऊंचाई, आवारा पशुओं एवं मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम और टोल सड़कों के रखरखाव जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
जिला कलक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने और आगामी बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता आर.एल. मेहता, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम (RSRDC), परिवहन, पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
राजसमंदपनोतिया सोलर प्लांट डकैती मामला: पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार, अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार
राजसमंद9 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, भीम पुलिस ने जयपुर निवासी आरोपी को दबोचा
राजसमंदनशे के अवैध कारोबार पर सख्ती के निर्देश: जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा और SP हेमंत कलाल ने ली समीक्षा बैठक
राजसमंद