फर्जी क्रिप्टो-करेंसी में निवेश के नाम पर 87 लाख की ठगी: हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफे का दिया झांसा, दो आरोपी गिरफ्तार
जयपुर साइबर पुलिस ने फर्जी क्रिप्टो करेंसी Flinty Coin में निवेश के नाम पर 87 लाख रुपए की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर निवेश करवाया था। ठगी की रकम से करीब 1 करोड़ रुपए की एफडी करवाई और बाद में लोन लेकर मर्सिडीज कार खरीदी थी। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू की है।

जयपुर में फर्जी क्रिप्टो करेंसी Flinty Coin में निवेश के नाम पर 87 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर पुलिस थाना जयपुर ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से लाखों रुपए निवेश करवाए थे। इसके लिए Flinty.live नाम से फर्जी वेबसाइट और मोबाइल एप्लीकेशन तैयार की गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शुरुआत में निवेशकों को मुनाफे के नाम पर कुछ रकम लौटाते थे। इससे निवेशकों का भरोसा जीतकर उनसे बड़ी रकम निवेश करवाई जाती थी। जब मोटी रकम जमा हो गई तो आरोपियों ने भुगतान बंद कर दिया।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम कांदेल (35) निवासी सामोद और मोहित कलोया (27) निवासी कालाडेरा, जयपुर ग्रामीण के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को सेंट्रल जेल जयपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ठगी की रकम से करीब 1 करोड़ रुपए की एफडी करवाई थी। बाद में एफडी को गिरवी रखकर लोन लिया और उससे मर्सिडीज कार खरीदी। पुलिस ने इस गाड़ी को जब्त कर लिया था।
Motion Modexys Pvt. Ltd. के नाम से खोला ऑफिस
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ठगी के इरादे से Motion Modexys Pvt. Ltd. नाम से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और ऑनलाइन गेमिंग कंपनी का ऑफिस खोला था। इसके जरिए निवेशकों के बीच कंपनी की विश्वसनीयता बनाई गई।
आरोपियों ने Flinty.live नाम से फर्जी वेबसाइट और ऐप तैयार किया था। इस पर निवेशकों को उनकी जमा रकम का बढ़ता हुआ बैलेंस और मुनाफा दिखाई देता था। आरोपी खुद को कंपनी का फाउंडर और को-फाउंडर बताकर लोगों को Flinty Coin में निवेश करने के लिए प्रेरित करते थे।
निवेश की रकम पर हर महीने 10 से 15 प्रतिशत तक रिटर्न देने और पैसा पूरी तरह सुरक्षित होने का भरोसा दिलाया जाता था।
पहले मुनाफा लौटाकर जीता भरोसा, फिर बंद किया भुगतान
पुलिस के अनुसार, आरोपी पोंजी स्कीम के पैटर्न पर ठगी कर रहे थे। शुरुआत में निवेशकों को कुछ महीनों तक उनकी जमा रकम का 10 से 15 प्रतिशत हिस्सा मुनाफे के रूप में वापस ट्रांसफर किया जाता था। फर्जी वेबसाइट पर भी निवेश की रकम बढ़ती हुई दिखाई जाती थी।
इससे प्रभावित होकर लोग अपनी जमापूंजी के साथ लोन लेकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर भी बड़ी रकम निवेश करने लगे।
जब आरोपियों के पास बड़ी रकम जमा हो गई तो उन्होंने भुगतान बंद कर दिया। इसके बाद FEMA एक्ट लागू होने और पेमेंट गेटवे बंद होने का बहाना बनाकर निवेशकों को रकम लौटाने से टालते रहे।
अगस्त 2024 में किया था संपर्क, 87 लाख रुपए निवेश करवाए
परिवादी ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि अगस्त 2024 में घनश्याम कांदेल और मोहित कलोया ने उससे संपर्क किया था। दोनों ने खुद को Motion Modexys Pvt. Ltd. का फाउंडर और को-फाउंडर बताते हुए Flinty Coin में निवेश करने पर हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया।
आरोपियों ने नवंबर 2024 से अगस्त 2025 के बीच ऑनलाइन और नकद माध्यम से परिवादी से कुल 87 लाख रुपए ले लिए। बाद में आरोपियों ने भुगतान बंद कर दिया। इसके बाद परिवादी ने साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया।
बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कर करते थे खुर्द-बुर्द
डीसीपी क्राइम प्रदीप गोयल ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में मंगवाते थे। इसके बाद SBI और HDFC बैंक खातों से रकम मुख्य आरोपी के अन्य खातों में ट्रांसफर की जाती थी। इनमें Federal Bank के खाते भी शामिल थे।
इस तरह रकम को अलग-अलग बैंक खातों में घुमाकर खुर्द-बुर्द किया जाता था।
पुलिस की आमजन से अपील
कम समय में 10 से 15 प्रतिशत मासिक मुनाफे के लालच में निवेश न करें।
क्रिप्टो करेंसी और ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म की वैधता की जांच करें।
निवेश के नाम पर किसी व्यक्ति के निजी बैंक खाते में रकम ट्रांसफर न करें।
शुरुआती मुनाफा मिलने पर बड़ी रकम निवेश करने की जल्दबाजी न करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।
संबंधित खबरें
जयपुरजयपुर में युवक को स्कॉर्पियो में बनाया बंधक, मोबाइल छीना: मीटिंग के बहाने बुलाकर दोस्तों को भेजे आपत्तिजनक मैसेज; दबाव डालकर बनवाया झूठा वीडियो
जयपुरहॉर्न बजाने पर युवक को बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला, दांत तोड़ा: 10-15 लोगों ने मिलकर की मारपीट, कार में भी की तोड़फोड़
जयपुर