जयपुर में युवक को स्कॉर्पियो में बनाया बंधक, मोबाइल छीना: मीटिंग के बहाने बुलाकर दोस्तों को भेजे आपत्तिजनक मैसेज; दबाव डालकर बनवाया झूठा वीडियो
जयपुर में इवेंट मीटिंग के बहाने बुलाकर युवक को स्कॉर्पियो में करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित विनायक शर्मा का आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर निजी फोटो निकाले, दूसरों को आपत्तिजनक मैसेज भेजे और दबाव डालकर झूठा वीडियो बनवाया। पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।

जयपुर में इवेंट मीटिंग के बहाने बुलाकर एक युवक को स्कॉर्पियो में बंधक बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने युवक का मोबाइल छीन लिया और करीब डेढ़ घंटे तक उसे गाड़ी में बंधक बनाए रखा। इस दौरान उसके मोबाइल से दूसरे लोगों को आपत्तिजनक मैसेज भेजे गए और निजी फोटो भी निकाल लिए गए। आरोपियों ने दबाव बनाकर युवक का एक वीडियो भी बनवाया, जिसमें उससे गलत बातें कहलवाई गईं।
मामला पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र का है। घटना 13 नवंबर की बताई जा रही है। महापुरा निवासी विनायक शर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। 13 नवंबर को उसे इवेंट के सिलसिले में क्लाइंट मीटिंग के लिए हयात होटल के पास अकेले बुलाया गया था। वह अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा, जहां स्कॉर्पियो में दो युवक मिले।
गली में रोकी गाड़ी, दोस्त को दूसरी कार में बैठाया
पीड़ित के मुताबिक, कुछ दूरी आगे जाने के बाद आरोपियों ने स्कॉर्पियो को एक गली में रोक दिया। इसी दौरान वहां दूसरी वेन्यू कार पहुंची। उसमें से एडी मारकर्स डांस कंपनी का अभिमन्यु और उसका साथी सोनू उतरकर विनायक के पास आकर बैठ गए। आरोपियों ने उसके दोस्त को दूसरी वेन्यू कार में बैठा दिया।
इसके बाद विनायक का मोबाइल छीन लिया गया। आरोप है कि आरोपियों ने उसके फोन से दूसरे लोगों से बातचीत की और कई लोगों को आपत्तिजनक मैसेज भी भेजे।
निजी फोटो निकाले, दबाव डालकर बनवाया वीडियो
विनायक ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके मोबाइल से निजी फोटो निकाल लिए। इसके बाद दबाव बनाकर एक वीडियो भी रिकॉर्ड करवाया, जिसमें उससे गलत बातें कहलवाई गईं। आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को मारपीट करने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
दोनों गाड़ियों में सवार थे 6 लोग
पीड़ित के अनुसार, इस पूरी घटना के दौरान दोनों गाड़ियों में कुल 6 लोग मौजूद थे। इनमें आरोपियों के रिश्तेदार भी शामिल थे। करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद वह आरोपियों के चंगुल से छूटा।
विनायक ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है। पुलिस को दी शिकायत में उसने कहा कि भविष्य में उसे या उसके परिवार को कोई नुकसान होता है तो इसके लिए अभिमन्यु, उसका परिवार और वारदात में शामिल अन्य लोग जिम्मेदार होंगे।
पुलिस ने जांच के दिए निर्देश
मामले में थानाधिकारी कविता ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एएसआई रामधन को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
जयपुरफर्जी क्रिप्टो-करेंसी में निवेश के नाम पर 87 लाख की ठगी: हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफे का दिया झांसा, दो आरोपी गिरफ्तार
जयपुरहॉर्न बजाने पर युवक को बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला, दांत तोड़ा: 10-15 लोगों ने मिलकर की मारपीट, कार में भी की तोड़फोड़
जयपुर